जलेसर-इसौली मार्ग पर गुरुवार को गांव मुड़सवा के समीप एक तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो में टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने भाग रहे डंपर चालक को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया है। मृतक की पहचान ग्राम जरानीखुर्द (थाना सकरौली) निवासी 22 वर्षीय हेमंत कुमार शर्मा पुत्र राघवेंद्र शर्मा के रूप में हुई है। वह गांव के ही 50 वर्षीय धनीराम पुत्र केसरी के साथ जलेसर मंडी से सब्जी लेकर ऑटो से अपने गांव लौट रहे थे। जब उनका ऑटो मुड़सवा गांव के पास पहुंचा, तभी इसौली की तरफ से आ रहे गिट्टी-बालू से लदे एक अनियंत्रित डंपर ने ऑटो को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हेमंत कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में घायल धनीराम को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें आगरा रेफर कर दिया है। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर जलेसर की ओर भाग निकला। सूचना मिलते ही कोतवाली जलेसर पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इसौली चौराहा स्थित बस स्टैंड के पास डंपर को रोक लिया। पुलिस ने डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हेमंत कुमार की मौत की खबर जरानीखुर्द गांव पहुंचते ही शोक छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
https://ift.tt/uz5V9Nm
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply