शाहजहांपुर में एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि शादी से पहले बुलेट मोटरसाइकिल और बाद में तीन लाख रुपये की मांग की गई। मांग पूरी न होने पर उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना सदर बाजार क्षेत्र की शांतिपुरम कॉलोनी निवासी उपासना प्रजापति की शादी 16 नवंबर 2024 को पीलीभीत जिले के पूरनपुर स्थित केवशपुर निवासी गौरव प्रजापति से हुई थी। पीड़िता के अनुसार, पति गौरव ने फेरे लेने से पहले बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की थी। तब उपासना के पिता ने शादी के एक महीने बाद बुलेट देने का वादा कर शादी संपन्न कराई। विदाई के बाद जब उपासना ससुराल पहुंची, तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे कम दहेज लाने का ताना देना शुरू कर दिया। इसके बाद पिता ने रिश्तेदारों से उधार लेकर दो लाख रुपये ससुराल वालों को दिए। आरोप है कि 27 मार्च 2025 को उपासना के साथ फिर मारपीट की गई और तीन लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की गई। पीड़िता ने बताया कि जब उसने यह जानकारी अपने मायके पक्ष को दी, तो उसके परिजन ससुराल पहुंचे। वहां ससुराल वालों ने उनके साथ भी मारपीट की और उपासना के सारे जेवर छीनकर उसे घर से निकाल दिया। ससुराल पक्ष ने धमकी दी कि यदि तीन लाख रुपये लेकर नहीं आई तो उसे जान से मार देंगे। फिलहाल उपासना अपने मायके में रह रही है। उसने सदर थाने में पति गौरव प्रजापति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
https://ift.tt/MB1wHKv
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply