बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय बाल क्रीड़ा एवं खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्पोर्ट्स स्टेडियम, सोनकपुर में हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन संयुक्त शिक्षा निदेशक, द्वादश मंडल मुरादाबाद मनोज कुमार द्विवेदी मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। बच्चों की प्रस्तुतियों ने स्टेडियम में उत्साह का माहौल बना दिया। मुख्य अतिथि ने खेल ध्वज फहराकर और गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। इसके बाद प्रतिभागी बच्चों ने अनुशासनबद्ध मार्च-पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। मार्च-पास्ट का नेतृत्व मूंढापांडे विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर नगली के निपुण बैंड ने किया। पिछले वर्ष राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली भगतपुर विकासखंड की छात्रा दिव्या ने मशाल प्रज्वलन किया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि मनोज कुमार द्विवेदी ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशिष्ट अतिथि वित्त एवं लेखाधिकारी राकेश चंद्र मौर्य ने भी बच्चों के उत्साह की सराहना की। प्रतियोगिता के पहले दिन प्राथमिक एवं जूनियर स्तर के बालक-बालिकाओं की 50, 100, 200, 400 व 600 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, कबड्डी, खो-खो, कुश्ती, जूडो, योगा और लोकगीत सहित विभिन्न खेल व सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जनपद के नौ विकासखंडों से आए हजारों बच्चों ने इन प्रतियोगिताओं में भाग लिया। बड़ी संख्या में शिक्षकों ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इस अवसर पर जिला समन्वयक अखिलेश सागर, हर्षवर्धन कपिल, अमित कुमार सिंह सहित अनेक शिक्षक, अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विमलेश कुमार ने सभी अतिथियों और प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. हरनंदन प्रसाद ने किया।
https://ift.tt/pU2LNEj
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply