DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

फर्जी बैंक एजेंट बनकर दर्जी से ठगी:आरडी के नाम पर डेढ़ लाख रुपये ऐंठे, एसएसपी के हस्तक्षेप पर केस दर्ज

बरेली में बचत के नाम पर मेहनतकश लोगों को झांसे में लेकर ठगी करने का एक और मामला सामने आया है। एक फर्जी बैंक एजेंट ने एक दर्जी से डेढ़ लाख रुपये की धोखाधड़ी की। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी के आदेश के बाद सुभाषनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के वंशीनगला निवासी निर्मल मौर्य सिलाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अगस्त 2023 में देवरनियां थाना क्षेत्र के गांव गुनाहट्टू निवासी अरुण रस्तोगी उनके घर आया। उसने खुद को बैंक की आरडी एजेंसी का प्रतिनिधि बताया और अच्छी बचत का लाभ दिलाने का दावा किया। आरोपी की बातों में आकर निर्मल मौर्य ने 10 हजार रुपये प्रतिमाह की 15 महीने की आरडी शुरू की। नवंबर 2023 से आरोपी के मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए किस्तें भेजी जाती रहीं। जनवरी 2025 तक कुल करीब डेढ़ लाख रुपये आरोपी को दिए जा चुके थे। जब पीड़ित ने आरडी की राशि वापस मांगी तो आरोपी ने टालमटोल शुरू कर दी। बाद में निर्मल मौर्य को जानकारी मिली कि आरोपी के पास किसी भी बैंक की कोई एजेंसी नहीं थी और वह शुरुआत से ही धोखाधड़ी कर रहा था। थाना पुलिस के समक्ष आरोपी ने एक-दो महीने में रुपये लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन अब तक कोई रकम वापस नहीं की गई है। इस मामले से निराश होकर पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की। उनके आदेश पर सुभाषनगर पुलिस ने आरोपी अरुण रस्तोगी के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अब आरोपी की भूमिका और ठगी के नेटवर्क की जांच कर रही है।


https://ift.tt/DE9M1BP

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *