बरेली में वायुसेना के एक वारंट अफसर से बेटी के पारिवारिक विवाद के नाम पर 6.50 लाख रुपये की ठगी की गई है। आरोप है कि दो लोगों ने खुद को प्रभावशाली बताकर केस लड़ने और मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने का झांसा दिया। न तो केस की पैरवी हुई और न ही समझौते के बाद पैसे लौटाए गए। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के नॉर्थ सिटी, पीलीभीत बाईपास रोड निवासी इंद्रपाल, जो वायुसेना में वारंट अफसर हैं, ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी का ससुराल पक्ष से लंबे समय से कानूनी विवाद चल रहा है। इसी दौरान राकेश प्रजापति ने 11 अक्टूबर 2024 को उनकी मुलाकात अनिल कुमार नामक व्यक्ति से कराई, जिसने खुद को वकील बताया। अनिल कुमार ने अफसर को छह से आठ महीने में केस निपटाने, पूरा खर्च दिलाने और दूसरी पार्टी पर मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने का भरोसा दिलाया। इसके लिए कुल 6.50 लाख रुपये की फीस तय हुई। अफसर ने अलग-अलग किस्तों में 6.30 लाख रुपये का भुगतान भी कर दिया। हालांकि, 11 महीने बीत जाने के बाद भी न तो वकालतनामा दाखिल हुआ और न ही कोई कानूनी कार्यवाही आगे बढ़ी। जब पीड़ित इंद्रपाल ने इस संबंध में सवाल उठाए, तो पता चला कि अनिल कुमार अधिवक्ता नहीं है। इसके बाद आरोपियों ने पैसे वापस लौटाने का आश्वासन दिया। 22 दिसंबर 2025 तक 3.85 लाख रुपये लौटाने का समझौता भी हुआ था। लेकिन, तय तारीख बीत जाने के बावजूद कोई रकम वापस नहीं की गई। पीड़ित की शिकायत पर इज्जतनगर पुलिस ने राकेश प्रजापति और आशीष रॉयल पार्क निवासी अनिल कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस ठगी के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
https://ift.tt/iqALRXV
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply