DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

घटिया निर्माण पर सब-इंजीनियर सस्पेंड, फिर से बनाने के निर्देश

भास्कर न्यूज | बलरामपुर विशेष पिछड़ी जनजाति समूहों के उत्थान के लिए संचालित प्रधानमंत्री जनमन योजना की जमीनी हकीकत परखने छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) आईएएस भीम सिंह व प्रमुख अभियंता केके कटारे बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों ने न केवल निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच की, बल्कि सड़कों के असली हितग्राही पहाड़ी कोरवा परिवारों से सीधा संवाद कर योजना के प्रभाव का आकलन भी किया। निरीक्षण के दौरान पास्ता-चिलमखुर्द से बासीमुड़ा तक निर्माणाधीन सड़क में डामरीकरण की गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई। डामर की परत और निर्माण प्रक्रिया में मानकों की अनदेखी देख सीईओ भीम सिंह और प्रमुख अभियंता केके कटारे ने गहरी नाराजगी जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित उप-अभियंता को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित ठेकेदार को पूरी सड़क पर दोबारा बीटी सरफेस (डामरीकरण) करने का कड़ा आदेश दिया गया है, ताकि गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ नयनतारा तोमर की उपस्थिति में अधिकारियों ने ग्रामीणों से बात की। पहाड़ी कोरवा हितग्राही बिफना राम एदगे ने बताया कि पहले उन्हें धान के बोरे बाइक पर लादकर मंडी ले जाने पड़ते थे, लेकिन अब सड़क बनने से ट्रैक्टर सीधे मंडी तक जा रहे हैं। वहीं, गुरेन्दर ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सड़क आने से अब ईंट और सीमेंट सीधे गांव तक पहुंच रहे हैं, जिससे उनके प्रधानमंत्री आवास का निर्माण तेजी से हो पा रहा है। ग्रामीण सूखना हसदा और परमेश्वर हसदा ने सड़क को और अधिक टिकाऊ बनाने के लिए डामर की मोटाई बढ़ाने की मांग रखी। सीईओ भीम सिंह ने जब ग्रामीणों से योजना के नाम के बारे में पूछा, तो कई स्थानों पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर योजना की जानकारी के लिए दीवार लेखन कराया जाए। पंचायत बैठकों में पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को भेजकर हितग्राहियों को उनके अधिकारों और योजना के लाभों की जानकारी दी जाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजातियों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ना है। इसमें किसी भी प्रकार की वित्तीय या निर्माण संबंधी अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दो दिवसीय इस दौरे ने जिले के प्रशासनिक अमले और ठेकेदारों के बीच हड़कंप मचा दिया है।


https://ift.tt/FZTc3GQ

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *