संभल के डीएम आवास जाने वाले मार्ग पर बुधवार शाम दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट और फायरिंग की घटना हुई। इस घटना में एक युवक घायल हो गया। जिसके चेहरे और सिर में चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना बहजोई थाना क्षेत्र के ईदगाह कॉलोनी में बुधवार शाम करीब 5 बजे हुई। घायल युवक की पहचान सरताज पुत्र गफ्फार के रूप में हुई है। जो इसी कॉलोनी का निवासी है। सरताज ने चंदौसी निवासी यश नामक युवक पर मारपीट और चार राउंड फायरिंग करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने घटनास्थल से दो बाइकों को कब्जे में लिया है और यश नामक एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घायल सरताज को मेडिकल जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना के अन्य पहलुओं और यश के साथ मौजूद दूसरे व्यक्ति की पहचान की जा सके। थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है, जबकि घायल पक्ष फायरिंग का आरोप लगा रहा है। सीओ बहजोई डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी संत कुमार ने बताया कि उनकी ड्यूटी दूसरे थाना क्षेत्र में लगी है, लेकिन पुलिस को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
https://ift.tt/1f4IlcH
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply