DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

रामपुर में अवैध खनन रोकने को प्रशासन का अभियान:1386 वाहनों की जांच, एक का चालान; चेक प्वाइंट्स पर निगरानी

रामपुर में अवैध उप-खनिज खनन, अनधिकृत परिवहन और ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक पूरे जनपद में विशेष रात्रिकालीन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान 3 फरवरी रात 8 बजे से 4 फरवरी सुबह 7 बजे तक संचालित किया गया। जिले की सभी तहसीलों में प्रमुख मार्गों और चौराहों पर कुल 10 चेक प्वाइंट स्थापित किए गए। प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीमों ने अभियान के दौरान कुल 1386 वाहनों की सघन जांच की। जांच के दौरान वाहनों के वैध दस्तावेज, निर्धारित भार क्षमता और खनिज परिवहन से संबंधित अभिलेखों की बारीकी से पड़ताल की गई। अधिकारियों ने विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया कि कोई भी वाहन अवैध खनन सामग्री का परिवहन या ओवरलोडिंग न कर रहा हो। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर एक वाहन के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग से न केवल राजस्व की क्षति होती है, बल्कि सड़क सुरक्षा और पर्यावरण पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसे रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस तरह के संयुक्त विशेष अभियानों को नियमित रूप से जारी रखा जाए। साथ ही अवैध खनन, ओवरलोडिंग और अनधिकृत परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सभी चेक प्वाइंट्स पर सतत निगरानी रखते हुए विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ प्रभावी प्रवर्तनात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि जनपद में अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।


https://ift.tt/mtXfEwk

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *