कानपुर देहात में महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर 4 फरवरी 2026 को “विश्व कैंसर दिवस” मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, कानपुर देहात में “यूनाइटेड बाय यूनीक” थीम के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी/अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (आर.सी.एच.) डॉ. एस.एल. वर्मा ने की। कार्यशाला का संचालन उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी एन.सी.डी., डॉ. डी.के. सिंह ने किया। उन्होंने ओरल कैंसर, मुख कैंसर और गर्भाशय कैंसर के प्रमुख कारणों, लक्षणों और बचाव के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही, तंबाकू और धूम्रपान के घातक दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए इनके पूर्ण परित्याग पर जोर दिया। एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. यतेन्द्र शर्मा ने कैंसर रोग की रोकथाम और प्रारंभिक जांच के महत्व को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझाया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत कोटपा अधिनियम-2003 और पेका अधिनियम-2019 के प्रावधानों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। डॉ. डी.के. सिंह ने मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ रखने के लिए नियमित व्यायाम, योग, संतुलित आहार और पर्याप्त नींद अपनाने की सलाह दी। मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता के लिए शासन द्वारा संचालित टेली मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 और 1800-891-4416 की जानकारी भी प्रदान की गई। कार्यक्रम के समापन पर डॉ. एस.एल. वर्मा ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तंबाकू व धूम्रपान न करने की शपथ दिलाई। उन्होंने इस पहल को एक जनआंदोलन बनाने का आह्वान भी किया। इस अवसर पर डॉ. आशीष बाजपेई (जिला प्रतिरक्षण अधिकारी), डॉ. आदित्य सचान (उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी), निवेदिता सिंह चौहान (डी.सी.पी.एम.) और स्वतंत्र प्रताप सिंह (डी.एम.एच.सी.) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
https://ift.tt/FqIogVE
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply