चित्रकूट के विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 (SIR) की समीक्षा के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त विशेष रोल प्रेक्षक जे.वी.एन. सुब्रमण्यम (आईएएस), संयुक्त सचिव, नवीन एवं नवीनकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार बुधवार को चित्रकूट पहुंचे। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने जिले के उप जिलाधिकारियों/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, जनपद स्तरीय अधिकारियों तथा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय व राज्यीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उप जिला निर्वाचन अधिकारी चन्द्रशेखर ने जानकारी दी कि आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का कार्य 4 नवंबर 2025 से प्रारंभ हुआ था। बीएलओ के माध्यम से घर-घर गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण और डिजिटाइजेशन निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया गया। जनपद में कुल 7,38,948 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 1,00,092 मतदाताओं द्वारा गणना प्रपत्र वापस न किए जाने के कारण उनका डिजिटाइजेशन नहीं हो सका। अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 6 जनवरी 2026 को जिले के सभी मतदेय स्थलों पर नियमानुसार किया गया। इसकी प्रतियां सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्यीय राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई गईं। पुनरीक्षण के बाद जनपद में कुल 905 मतदेय स्थल, 613 मतदान केंद्र और 6,40,537 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें 3,51,368 पुरुष, 2,89,170 महिला और 9 अन्य मतदाता शामिल हैं।
6 जनवरी 2026 से 4 फरवरी 2026 के बीच फार्म-6 के 10,005, फार्म-7 के 529 और फार्म-8 के 3,827 आवेदन प्राप्त हुए। नोटिस प्रक्रिया के तहत 1,71,429 नोटिस जारी किए जाने थे, जिनमें से 16,448 जनरेट हुए और 12,356 का वितरण किया गया। अब तक 62,345 मामलों में नोटिस की सुनवाई हो चुकी है। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सहायता केंद्र (वोटर असिस्टेंस सेंटर) स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी प्रत्येक कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक उपलब्ध रहेंगे। यहां मतदाताओं की सुविधा के लिए आलेख्य निर्वाचक नामावली, फार्म-6, 7, 8 एवं घोषणा पत्र उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि मतदाता नाम जांच और दावा-आपत्ति दर्ज करा सकें। विशेष रोल प्रेक्षक जे.वी.एन. सुब्रमण्यम ने बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों को SIR-2026 से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। राजनीतिक दलों ने पुनरीक्षण कार्यों की सराहना की, जिस पर विशेष रोल प्रेक्षक ने संतोष और प्रसन्नता व्यक्त की। इसके बाद विशेष रोल प्रेक्षक ने तहसील कर्वी का दौरा कर नोटिस की सुनवाई कर रहे सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने सुनवाई के दौरान प्रस्तुत अभिलेखों का अवलोकन किया और पूरी प्रक्रिया पर संतुष्टि जताई।
https://ift.tt/cNCA4Hx
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply