मेरठ रोड पर लक्ष्मी ढाबे के पास देर रात हुए सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक मोहित शर्मा की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मोहित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक मोहित शर्मा गाजियाबाद के निलाया ग्रीन सोसायटी, थाना मधुबन बापूधाम क्षेत्र के निवासी थे। परिजनों के अनुसार, मोहित नोएडा स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और नाइट ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। बताया गया कि जैसे ही मोहित हमतुम रोड पर लक्ष्मी ढाबे के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार बड़े वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोहित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय निवासी दीपांशु मित्तल, ब्रेव हार्ट्स सोसायटी, ने इस हादसे को प्रशासन की लापरवाही का नतीजा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि जीडीए और जिला प्रशासन की उदासीनता के कारण यह सड़क लंबे समय से जानलेवा बनी हुई है। दीपांशु मित्तल ने बताया कि 2 फरवरी को भी इसी सड़क पर निलाया ग्रीन सोसायटी की रहने वाली तृप्ति स्कूटी से स्कूल जाते समय एक ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। इसके बावजूद न तो यातायात व्यवस्था में सुधार किया गया और न ही सड़क पर कोई ठोस सुरक्षा इंतजाम किए गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि हमतुम रोड के दोनों ओर बनी हाईराइज सोसायटियों और आसपास के गांवों के निवासी कई वर्षों से सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर लगाने, स्ट्रीट लाइट और फुटपाथ निर्माण की मांग कर रहे हैं। इस मामले में मानवाधिकार आयोग द्वारा जीडीए को नोटिस भी जारी किया जा चुका है। लोगों का कहना है कि अब तक कोई अस्थायी सुरक्षा उपाय भी नहीं किए गए। उनका मानना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कदम उठाए होते, तो आज एक परिवार का चिराग बुझने से बचाया जा सकता था।
https://ift.tt/rtSpfaF
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply