DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

सिद्धार्थनगर में अंबेडकर प्रतिमा चोरी के बाद बदले हालात:नई 18 KM की मूर्ति स्थापित, गांव में बनी शांति व्यवस्था

सिद्धार्थनगर के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के पेड़ारी गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा चोरी के बाद तनाव अब पूरी तरह शांत हो गया है। 1 जनवरी की रात चोरी हुई 8.30 किलो वजनी पीतल की प्रतिमा के स्थान पर बुधवार को 18 किलो वजनी नई पीतल की प्रतिमा स्थापित कर दी गई। नई प्रतिमा की स्थापना के साथ ही गांव में पिछले कई दिनों से बना असंतोष समाप्त हो गया। पेड़ारी गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा करीब सात वर्ष पूर्व स्थापित की गई थी। जो सामाजिक सम्मान, समानता और संविधान निर्माता के विचारों का प्रतीक मानी जाती थी। 1 जनवरी की रात अज्ञात लोगों द्वारा प्रतिमा चोरी किए जाने की जानकारी जब सुबह ग्रामीणों को हुई तो पूरे गांव में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए इटवा–बिस्कोहर मार्ग जाम कर दिया, जिससे करीब 10 से 15 मिनट तक आवागमन बाधित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। घटना के बाद त्रिलोकपुर थाना पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन चोरी गई प्रतिमा का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। इसी बीच गांव में बढ़ते असंतोष और सामाजिक तनाव को देखते हुए नगर पंचायत इटवा के अध्यक्ष विकास जायसवाल ने पहल की। उन्होंने त्रिलोकपुर थाना प्रभारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया। बुधवार को गांव में विधि-विधान के साथ डॉ. भीमराव अंबेडकर की 18 किलो वजनी नई पीतल की प्रतिमा स्थापित की गई। इस अवसर पर त्रिलोकपुर थाना प्रभारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रतिमा स्थापना के दौरान बाबा साहब के विचारों और सामाजिक न्याय के संदेश को स्मरण किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि चोरी हुई प्रतिमा का वजन लगभग 8.30 किलो था, जबकि नई प्रतिमा 18 किलो वजनी है। नई प्रतिमा को लेकर ग्रामीणों में संतोष और सुरक्षा की भावना देखी गई। नगर पंचायत अध्यक्ष विकास जायसवाल ने कहा कि गांव में शांति और सौहार्द बनाए रखना सबसे आवश्यक था। डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा सामाजिक समानता और संविधान के मूल्यों का प्रतीक है, इसलिए इसे लेकर किसी भी प्रकार का विवाद नहीं होना चाहिए। वहीं त्रिलोकपुर थाना प्रभारी चंद्रकांत पांडे ने बताया कि प्रतिमा चोरी के मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है। नई प्रतिमा की स्थापना के बाद पेड़ारी गांव में हालात सामान्य हो गए हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होगी और गांव में सामाजिक सौहार्द बना रहेगा।


https://ift.tt/3sEkOUa

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *