DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

झांसी में युवक ने निकाला 55 कारों संग काफिला:डीजे लेकर गांव में 10 किलोमीटर तक घूमा, वीडियो वायरल कर लिखा भावी प्रधान

झांसी में पंचायत चुनाव की सरगर्मी तेज होने लगी है। इसी बीच रक्सा थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव में एक युवक ने पंचायत चुनाव में अपनी दावेदारी जताते हुए करीब 55 चार पहिया गाड़ियों के काफिले के साथ शक्ति प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक चले इस प्रदर्शन में युवक ने पूरे गांव में लगभग दस किलोमीटर तक जुलूस निकालते हुए हुड़दंग मचाया। हैरानी की बात यह रही कि इतने बड़े काफिले और तेज आवाज में डीजे बजने के बावजूद पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। पहले दो तस्वीरों में देखें रोड शो…
जानकारी के मुताबिक अमरपुर गांव निवासी शिशुपाल यादव पुत्र वीरन पाल यादव आगामी पंचायत चुनाव में प्रधान पद के दावेदार हैं। अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए उन्होंने मंगलवार को गांव में शक्ति प्रदर्शन किया। बताया गया है कि पहले से गांव में एक डीजे वाहन खड़ा किया गया था, जहां बड़ी संख्या में कारें एकत्र हुईं। इसके बाद तेज आवाज में गाने बजाते हुए कारों का जुलूस गांव की सड़कों से निकाला गया।
जुलूस की अगुवाई शिशुपाल यादव की लाल रंग की ऑडी कार कर रही थी। कार के सनरूफ से बाहर निकलकर युवक लगातार वीडियो बनाता रहा। वहीं, कई अन्य कारों में सवार युवक भी खिड़कियों और दरवाजों से बाहर लटकते हुए वीडियो बनाते नजर आए। इस दौरान ट्रैफिक नियमों की खुलेआम अनदेखी की गई, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रही। इस पूरे शक्ति प्रदर्शन का वीडियो बुधवार को शिशुपाल यादव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया, जिस पर “भावी प्रधान” लिखा हुआ है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि शिशुपाल यादव के पिता वीरन यादव पहले भी प्रधानी का चुनाव लड़ चुके हैं और अब बेटा उसी राह पर है। चर्चा यह भी है कि जुलूस में शामिल कई गाड़ियों पर हूटर लगे हुए थे और कुछ गाड़ियों पर भारतीय जनता पार्टी तथा समाजवादी पार्टी के झंडे भी लगे दिखाई दिए। इस मामले में जब रक्सा थाना प्रभारी से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह के किसी जुलूस की जानकारी नहीं है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद अब सवाल यह उठ रहे हैं कि क्या प्रशासन इस मामले में कार्रवाई करेगा या नहीं।


https://ift.tt/3Q0kmlY

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *