सेक्टर-39 थाना पुलिस ने चार पहिया वाहन चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह को पकड़ा है। गिरोह लंबे समय से नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली, राजस्थान और हरियाणा समेत कई राज्यों में सक्रिय था। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई चार कारें भी बरामद की गई हैं। गिरोह अब तक 200 से अधिक चार पहिया वाहनों की चोरी कर चुका है। डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद ने बताया कि गिरोह के सदस्य पहले इलाके की रेकी करते थे। इसके लिए वे एक सलेटी रंग की टैक्सी गाड़ी का इस्तेमाल करते थे। रात के समय चालक बदल-बदल कर गिरोह के सदस्य अलग-अलग इलाकों में घूमते हैं और यह चिन्हित करते हैं कि किन जगहों पर वाहन चोरी करना आसान है।
प्रोग्रामर और जीपीएस हैमर लगाकार करते चोरी
रेकी के बाद गिरोह के सदस्य तय समय पर पहुंचते हैं। रात के अंधेरे में प्रोग्रामर की मदद से गाड़ी का लॉक तोड़ा जाता है। इसके बाद चोरी की गई कार में तुरंत जीपीएस हैमर लगा दिया जाता है, जिससे वाहन का जीपीएस सिस्टम काम करना बंद कर देता है और पुलिस को लोकेशन ट्रेस करने में परेशानी होती है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी की गई कारों को वे राजस्थान, हरियाणा और अन्य राज्यों में ऑन-डिमांड बेचते हैं। जो गाड़ियां नहीं बिक पाती थीं, उनके पुर्जे अलग कर दिए जाते हैं। इन पुर्जों को दिल्ली के अलग-अलग ऑटो पार्ट्स बाजारों में बेचा जाता था। इससे मिलने वाली रकम को गिरोह के सभी सदस्य आपस में बांट लेते थे।
2013 से कर रहे थे वारदात
एडिशनल डीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि गिरोह साल 2013 से लगातार वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा है। इतने लंबे समय तक सक्रिय रहने के कारण गिरोह के सदस्य अलग-अलग राज्यों में पुलिस के लिए चुनौती बने हुए थे। नोएडा और गाजियाबाद के अलावा अमरोहा और राजस्थान में भी इनकी गतिविधियां सामने आई हैं।
लंबा-चौड़ा है आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संभल निवासी समीर उर्फ दाऊद उर्फ कुंजा और सलीम, दिल्ली निवासी आजाद, राजस्थान के जोधपुर निवासी मोहसिन और फैसल के रूप में हुई है। समीर इस गिरोह का सरगना बताया जा रहा है। उसके खिलाफ दिल्ली और नोएडा के विभिन्न थानों में 14 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा अमरोहा में भी उसके द्वारा कई वारदातें की गई हैं। सलीम के खिलाफ सात मामले दर्ज हैं। आजाद के खिलाफ अलग-अलग थानों में 38 मुकदमे दर्ज हैं। एक अन्य सलीम के खिलाफ चार केस हैं। मोहसिन के खिलाफ तीन केस दर्ज हैं।फैसल के खिलाफ भी तीन मामले दर्ज हैं। पांचवीं से नौवीं तक पढ़े हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार सभी आरोपी पांचवीं से लेकर नौवीं कक्षा तक पढ़े-लिखे हैं। अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करने वाली सेक्टर-39 थाना पुलिस की टीम को डीसीपी नोएडा ने 25 हजार का नकद इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में अहम साबित होगी। पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें।
https://ift.tt/ik8arTj
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply