DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

सहारनपुर में महिला से ठगी, नशीला नोट दिखाकर कुंडल उतरवाए:पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज में दिखे संदिग्ध आरोपी

सहारनपुर के नुमाइश कैंप इलाके में दिनदहाड़े ठगी की एक घटना सामने आई है। दो युवकों ने एक महिला को बातों में फंसाकर उसके कानों से सोने के कुंडल उतरवा लिए। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसे नशीला पदार्थ लगे नोट के जरिए बेसुध कर दिया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। थाना नगर कोतवाली क्षेत्र की नुमाइश कैंप चौकी इलाके के गढ़ी मलूक गली नंबर-01 निवासी रेखा पत्नी विजय कुमार ने पुलिस को बताया कि वह घर का सामान लेने श्मशान घाट वाली रोड पर गई थीं। वहां दो युवक उनके पास आए और बैंक का पता पूछने लगे। महिला के अनुसार, युवकों ने उन्हें 500 रुपये का एक नोट देकर उसकी सत्यता जांचने को कहा। पीड़िता का आरोप है कि नोट में कोई नशीला पदार्थ लगा था। नोट देखते ही उन्हें कुछ याद नहीं रहा और वे आरोपियों के कहे अनुसार करती चली गईं। पीड़िता ने बताया कि युवकों ने उनसे कानों के सोने के कुंडल मांगे, जो उन्होंने खुद उतारकर दे दिए। इसके बाद आरोपी उन्हें एक ई-रिक्शा में बैठाकर पुलिस चौकी के पास छोड़कर फरार हो गए। कुछ देर बाद जब महिला को होश आया, तो उन्हें पूरी घटना का एहसास हुआ। महिला ने अपने परिवार के साथ नुमाइश कैंप चौकी पहुंचकर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दोनों संदिग्ध युवक नजर आए हैं। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश चल रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अजनबियों से सावधान रहें और किसी अनजान व्यक्ति द्वारा दिए गए सामान या नोट को हाथ न लगाएं।


https://ift.tt/2tTo4Pr

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *