DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

संपत्ति विवाद में की थी पिता बेटे की हत्या:पुलिस ने भेजा जेल, फिरोजाबाद में शव बक्शे में छिपाकर हुआ था फरार

मक्खनपुर थाना क्षेत्र में सामने आया यह हत्याकांड न सिर्फ रिश्तों को झकझोर देने वाला है, बल्कि यह भी दिखाता है कि शक और लालच इंसान को किस हद तक हैवान बना सकता है। पुलिस ने जिस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है, उसमें आरोपी कोई और नहीं बल्कि खुद मृतक का पिता निकला। पुलिस के अनुसार, आरोपी राजेश कुमार ने अपने ही बेटे मयंक की निर्मम हत्या की है। वजह—संपत्ति विवाद और यह शक कि मयंक उसका जैविक पुत्र नहीं है। आरोपी राजेश कुमार ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसकी शादी करीब 22 साल पहले उर्मिला से हुई थी। वह शराब पीने का आदी था, जिस वजह से पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़े होते रहते थे। पारिवारिक विवाद इस कदर बढ़ा कि शादी के करीब 6 साल बाद उर्मिला मायके चली गई और लंबे समय तक वहीं रही। इसी दौरान परिवार के दबाव में राजेश के पिता रामकिशन ने मकान का बैनामा मयंक के नाम करा दिया, हालांकि उसका संरक्षक राजेश ही था। यहीं से संपत्ति को लेकर राजेश के मन में कुंठा और गुस्सा पनपने लगा। शक ने जन्म दिया हत्या के प्लान को राजेश का दावा है कि उसे लंबे समय से यह शक था कि मयंक उसका बेटा नहीं है। पत्नी के मायके में लंबे समय तक रहने और रिश्तों में खटास ने उसके मन में यह शक और गहरा कर दिया। यही शक धीरे-धीरे नफरत में बदल गया और उसने बेटे को रास्ते से हटाने की ठान ली। राजेश ने पुलिस को बताया कि उसने 2 फरवरी 2026 को अपनी पत्नी उर्मिला और बेटे मयंक—दोनों की हत्या की योजना बनाई थी। दोपहर करीब 2 बजे, मयंक स्कूल से घर लौटा और अपने कमरे में मोबाइल पर गेम खेलने लगा। उसी समय राजेश छत पर बैठा था। मौका मिलते ही वह हंसिया लेकर नीचे आया और मयंक के सिर पर पहला वार कर दिया। घायल मयंक जान बचाने के लिए कमरे से बाहर भागा, लेकिन सीढ़ियों के पास गिर पड़ा। 25-30 वार, पिता बना जल्लाद इसके बाद राजेश ने बेरहमी की सारी हदें पार कर दीं। उसने मयंक के सिर, चेहरे और शरीर पर करीब 25 से 30 वार किए। खून से लथपथ मयंक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हत्या के बाद राजेश ने फर्श पर फैले खून को बोरे से साफ किया, फिर खून से सना बोरा और अपना लोवर छत से पास के खाली प्लॉट में फेंक दिया।

संदूक में शव छिपाने की कोशिश राजेश इसके बाद मयंक के शव को हंसिया समेत नीचे लाया और संदूक में रखकर ताला लगाने ही वाला था, तभी उसकी पत्नी उर्मिला वहां पहुंच गई। उर्मिला ने राजेश के हाथ में खून से सनी हंसिया देख ली। घबराए राजेश की योजना यहीं फेल हो गई। वह पत्नी की हत्या नहीं कर सका और हंसिया लेकर फैक्ट्री की ओर भाग निकला। सरसों के खेत में फेंकी हंसिया, पुलिस ने की बरामद भागते समय आरोपी ने मोती फैक्ट्री से स्टेशन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर सरसों के खेत में हंसिया फेंक दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वहां से हत्या में इस्तेमाल की गई हंसिया बरामद कर ली है। पुलिस का खुलासा: शक और संपत्ति बना कत्ल की वजह पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी राजेश कुमार ने संपत्ति विवाद और बेटे के पितृत्व पर संदेह के चलते इस जघन्य हत्या को अंजाम दिया। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


https://ift.tt/FTUzHJd

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *