DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

महराजगंज में महिला की करंट लगने से मौत:चौक मोहल्ले में हैंडपंप पर नहाने गई थी, बहन के घर से लौटने की तैयारी थी

नगर पंचायत चौक के वार्ड नम्बर 7 महाराणा प्रताप नगर (कटैया) मोहल्ले में मंगलवार को करंट लगने से एक महिला की मृत्यु हो गई। महिला हैंडपंप पर स्नान कर रही थी, तभी वह विद्युत करंट की चपेट में आ गई। परिजनों ने उसे तत्काल गुरुगोरखनाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बरगदवा थाना क्षेत्र के नरायनपुर गांव निवासी गिलासी के रूप में हुई है। वह तीन दिन पहले अपनी बहन कैलाशी के घर कटैया चौक आई थीं और मंगलवार को अपने घर लौटने की तैयारी में थीं। स्नान के दौरान हैंडपंप में करंट आने से वह गिर पड़ीं। गिरने की आवाज सुनकर बहन कैलाशी मौके पर पहुंचीं और उन्हें अचेत पाया। आसपास के लोगों की मदद से गिलासी को करंट से अलग कर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है। मृतक के पति गंगा, पुत्र मंजेश और राजेश, पुत्री ईशा, बहन कैलाशी तथा जीजा राममिलन का बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह भी जानकारी मिली है कि इस स्थान पर पहले भी करंट से मौत की घटनाएं हो चुकी हैं। करीब दो वर्ष पहले कैलाशी के पड़ोसी सुमेश के भाई आसमन की करंट लगने से मृत्यु हुई थी, और लगभग छह माह पूर्व खुद सुमेश की भी नल पर ही करंट की चपेट में आने से जान चली गई थी। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है।


https://ift.tt/Bprz9ZQ

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *