कौशांबी के सैनी कोतवाली क्षेत्र के कनेमाई गांव में सोमवार को गणेश नामक व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। घटना के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस हत्यारों का सुराग नहीं लगा सकी है। पुलिस को इस मामले में मृतक के करीबियों पर ही शक है। सैनी कोतवाली के कानेमई निवासी गणेश प्रसाद स्कूल बस में कंडक्टर थे। रविवार रात वह अपने बेटे राहुल की चाय-नाश्ते की दुकान में सो रहे थे। रात में धारदार हथियार से उन पर हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह गणेश प्रसाद का खून से सना शव चारपाई पर मिला था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में हड़कंप फैल गया। स्थानीय थाना पुलिस के साथ ही एएसपी कौशांबी, सीओ सिराथू और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी थी। मंगलवार को परिजनों ने गणेश के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस हत्याकांड के खुलासे के लिए एसपी राजेश कुमार ने पूरी पुलिस मशीनरी को सक्रिय कर दिया है। वह खुद और एएसपी राजेश कुमार सिंह लगातार मामले की अपडेट ले रहे हैं। सैनी थाना पुलिस के अलावा एसओजी, सर्विलांस सहित कुल पांच टीमें जांच में जुटी हैं। इन टीमों ने इलाके के कई सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, लेकिन अभी तक कोई खास सफलता नहीं मिली है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले में पुलिस की नजर मृतक गणेश के करीबी लोगों पर टिकी हुई है। हालांकि, परिवार के लोगों ने भी पूरे मामले में चुप्पी साध रखी है, जिससे जांच में और जटिलता आ रही है।
https://ift.tt/vmFqdaN
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply