फिरोजाबाद के श्रीराजराजेश्वरी कैला देवी मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए दर्शन बुधवार से अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं। मंदिर समिति के अनुसार, यह व्यवस्था 14 फरवरी तक लागू रहेगी। इस अवधि में माता रानी का पावन अंगराग (चोला परिवर्तन) कार्यक्रम और अन्य विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। मंदिर समिति ने बताया कि अंगराग का कार्य राजस्थान के प्रसिद्ध कैला देवी करौली धाम से आए विद्वान आचार्यों द्वारा विधि-विधान से कराया जाएगा। यह अनुष्ठान आज से प्रारंभ हो गया है। अंगराग के साथ-साथ, माता के दरबार में सतचंडी महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, श्रीमद् देवी भागवत पाठ, भैरव सहस्त्र नामावली का पाठ, गणेश मंत्र जाप और देवी अथर्वशीर्ष (अथर्वसुक्त) पाठ जैसे कई धार्मिक कार्यक्रम भी संपन्न होंगे। मंदिर समिति ने स्पष्ट किया कि अंगराग एवं सतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति 14 फरवरी को होगी। इसके बाद, उसी दिन दोपहर तीन बजे से श्रद्धालुओं के लिए माता रानी के दर्शन पुनः प्रारंभ कर दिए जाएंगे मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस पावन अनुष्ठान के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और निर्धारित तिथि से पूर्व दर्शन के लिए मंदिर न आएं।
https://ift.tt/rt9lmGv
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply