DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

देवरिया में लाठी से पीटकर बुजुर्ग की हत्या:बेटे को बचाने गया था पिता, पड़ोसियों से हुआ था विवाद

देवरिया जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के समोगर गांव में मंगलवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में एक वृद्ध की लाठी से पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक अपने बेटे को बचाने के लिए बीच-बचाव करने गए थे। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, समोगर गांव निवासी महंथ गोड़ (60) राजगीर मिस्त्री थे और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। मंगलवार देर शाम वह काम से घर लौटे थे। रात में खाना खाने के बाद जब वह सोने की तैयारी कर रहे थे, तभी उनके बेटे अशोक का पड़ोसियों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते यह कहासुनी मारपीट में बदल गई। परिजनों के मुताबिक, पड़ोस के कुछ लोग अशोक को पीट रहे थे। यह देखकर महंथ गोड़ बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने उन पर लाठी से सिर पर वार कर दिया। वार इतना जोरदार था कि वह मौके पर ही गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग जुट गए और परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए देवरिया मेडिकल कॉलेज ले गए। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने जांच के बाद महंथ गोड़ को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल फैल गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।


https://ift.tt/TXyPAHS

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *