लखनऊ के करीमगंज इलाके की रहने वाली एक महिला ने पति और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। पीड़िता शायर मुनव्वर राना की बेटी हैं। सआदतगंज थाने में शिकायत दर्ज कराया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। पीड़िता ने बताया कि उसका विवाह 19 दिसंबर 2013 को सैय्यद मोहम्मद साकिब निवासी सकीरये हाउस, करीमगंज से हुआ था। शादी के समय पीड़िता के पिता व परिजनों ने सोने-हीरे के आभूषण और करीब 10 लाख रुपए नगद दहेज में दिए थे। आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पहुंचते ही पति और ससुर ने फिर से दहेज की मांग शुरू कर दी। पीड़िता से 20 लाख रुपए और फ्लैट की मांग की जाती थी। वैवाहिक जीवन बचाने के लिए कई बार मायके पक्ष ने मांग पूरी भी की। इस दंपती से दो संतानें हैं। एक बेटा सैय्यद फवाज और एक बेटी हय्याम फातिमा। कई बार जान से मारने की कोशिश की पीड़िता का आरोप है कि पति आए दिन उसके साथ मारपीट करता था और कई बार जान से मारने का प्रयास भी किया गया। ससुर द्वारा भी लगातार दहेज की मांग कर मानसिक प्रताड़ना दी जाती थी। पीड़िता ने बताया कि 9 अप्रैल 2025 को पति सैय्यद मोहम्मद साकिब ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट की। इसी दौरान जब उसकी बहन आर्शिया राना उर्फ टीना मिलने ससुराल पहुंची तो पति और अधिक उग्र हो गया। आरोप है कि पति ने तीन बार तलाक कहते हुए पीड़िता को घर से धक्के मारकर निकाल दिया और दोनों बच्चों को कमरे में बंद कर दिया। पीड़िता ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/lLzCgJx
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply