DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

AU में दो छात्र गुटों में झड़प के बाद मारपीट:प्रयागराज में जमकर हंगामा, छात्राओं से बदसलूकी का भी आरोप; वीडियो भी सामने आया

इलाहाबाद विश्वविद्यालय परिसर में मंगलवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब दो छात्र गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। यह घटना विश्वविद्यालय के बरगद लॉन की बताई जा रही है, जहां छात्रों के एक समूह द्वारा यूजीसी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जा रही थी। इस मामले में दोनों पक्ष से लोग चोटिल हुए हैं और उनकी ओर से प्राॅक्टर ऑफिस में शिकायत की गई है। प्राॅक्टोरियल बोर्ड का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। 30-40 की संख्या में कार से आए
छात्र संगठन दिशा से जुड़े चंद्रप्रकाश ने आरोप लगाया कि मंगलवार को वह अपने साथी संजय, निधि, पूजा और अन्य छात्र-छात्राओं के साथ विश्वविद्यालय परिसर स्थित बरगद लॉन में बैठकर यूजीसी से संबंधित विषयों पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक 30 से 40 की संख्या में कुछ युवक वहां पहुंचे, जिन्होंने खुद को एबीवीपी और बजरंग दल का कार्यकर्ता बताया। गाली-गलौज के विरोध पर शुरू कर दी मारपीट
आरोपित युवकों ने पहले अभद्र भाषा का प्रयोग किया और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि झगड़े के दौरान बीच-बचाव के लिए आई छात्राओं के साथ भी बदसलूकी की गई। आरोप है कि छात्राओं को मारा-पीटा गया, उनके बाल पकड़कर घसीटा गया, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रॉक्टर ऑफिस में दी शिकायत
घटना के बाद दिशा छात्र संगठन की ओर से कर्नलगंज थाने में शिकायत करने की कोशिश की गई, लेकिन वहां से उन्हें पहले विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। इसके बाद छात्र संगठन ने प्रॉक्टर कार्यालय में लिखित शिकायत सौंप दी है। जातिगत टिप्पणियों के विरोध पर दांत से काटा
उधर इस मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी प्रॉक्टर ऑफिस में शिकायत की गई है। बीए तृतीय वर्ष के छात्र आयुष राय ने शिकायत की है कि बरगद लाॅन में बैठकर कुछ लोग जातिगत टिप्पणियां कर रहे थे। इसका विरोध करने पर मारपीट की और इस दौरान उसे दांत से काटकर जख्मी कर दिया गया। ‘बिना अनुमति के कर रहे थे आयोजन’
विश्वविद्यालय के प्रभारी चीफ प्रॉक्टर डॉ अतुल नारायण सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिली है। दिशा छात्र संगठन के कुछ लोग बिना किसी पूर्व अनुमति के विश्वविद्यालय परिसर में बैठकर यूजीसी को लेकर स्टडी सर्किल आयोजित कर रहे थे जो नियम विरुद्ध है। इनमें से कुछ लोग ऐसे भी थे जो विश्वविद्यालय के छात्र नहीं हैं। फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। तहरीर मिलने पर होगी आगे कार्रवाई
इस पूरे मामले पर कर्नलगंज थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि दिशा छात्र संगठन से जुड़े कुछ लोगों और छात्रों के एक अन्य समूह के बीच कहासुनी हुई थी। फिलहाल थाने में किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने के बाद मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।


https://ift.tt/isRbrqW

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *