DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

ब्रज की होली, महाशिवरात्रि पर प्रशासन अलर्ट:तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई

मथुरा में विश्व प्रसिद्ध होली पर्व और आगामी महाशिवरात्रि के मद्देनजर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि ब्रज क्षेत्र में बरसाना की लट्ठमार होली, नंदगांव की होली, बलदेव की हुरंगा होली, गोकुल की होली, मथुरा श्रीकृष्ण जन्मस्थान की होली और बांके बिहारी मंदिर में रंगभरनी एकादशी पर होने वाले आयोजनों के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव मांगे और सभी विभागों को समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जोर दिया कि ब्रज की होली विश्व प्रसिद्ध है। इसे देखने और ठाकुर जी के साथ होली खेलने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक यहां आते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और भीड़ नियंत्रण जैसी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने यह भी बताया कि ब्रज में होली का उत्सव लगभग 45 दिनों तक चलता है। बसंत पंचमी के दिन डंडा पूजन के साथ ही मंदिरों में होली उत्सव की शुरुआत हो जाती है। इसके बाद ब्रज के विभिन्न मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर अलग-अलग परंपराओं के साथ भव्य तरीके से होली मनाई जाती है। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा तथा सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के माध्यम से कड़ी निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन द्वारा होली और महाशिवरात्रि पर्व को सकुशल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए अंतिम चरण की तैयारियां की जा रही हैं।


https://ift.tt/Te1JWhx

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *