सहारनपुर के बेहट क्षेत्र में मंदिर परिसर में सफाई के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पीड़ित पक्ष ने कई लोगों पर मारपीट, छेड़छाड़, धारदार हथियार से हमला और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मंगलवार को पीड़ित पक्ष ने पुलिस लाइन पहुंचकर एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। यह घटना 31 जनवरी 2026 की शाम की बताई जा रही है। गांव ताजपुरा निवासी अर्चना, जो ग्रामीणों के साथ पुलिस लाइन पहुंची थीं, ने बताया कि वह रविदास जयंती के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में सफाई कर रही थीं। इसी दौरान गांव का एक व्यक्ति बाइक से वहां से गुजरा। बाइक से धूल उड़ने की बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही गाली-गलौज में बदल गई। अर्चना का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट की, उन्हें जमीन पर गिरा दिया और धारदार हथियार से उनकी बाईं बांह पर वार किया। घायल महिला ने बताया कि निजी चिकित्सक से इलाज कराने पर उनके हाथ में कई टांके लगे। बीच-बचाव करने आईं उनकी देवरानी के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की गई। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। पीड़ित पक्ष के अनुसार, आरोपी मुकेश ने अन्य लोगों को भी बुला लिया। आरोप है कि रघु, मांगा, चंद्रपाल, विकास और आशीष सहित कई लोग लाठी-डंडों के साथ आए और पीड़िता के पति सहित अन्य पर हमला कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी फरार हो गए, लेकिन पीड़ित पक्ष का कहना है कि बाद में उन्हें फिर से धमकी दी गई। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि स्थानीय पुलिस ने न तो उनका मेडिकल कराया और न ही उनकी शिकायत दर्ज की, बल्कि उल्टा उन पर ही मुकदमा दर्ज कर दिया। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
https://ift.tt/m1wobfh
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply