DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

दहेज में बुलेट, जमीन के लिए 5 लाख मांगे:सुल्तानपुर में पति समेत 5 ससुरालियों पर केस, घर में बंद कर देता था पति

सुल्तानपुर के करौंदीकलां में एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। विवाहिता ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद उससे बुलेट गाड़ी और जमीन खरीदने के लिए पांच लाख रुपये की मांग की गई, और मांग पूरी न होने पर उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। विवाहिता सपना मिश्रा की शादी 17 फरवरी 2023 को आजमगढ़ निवासी अविनाश दूबे से हुई थी। सपना के मायके वालों ने अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज दिया था। हालांकि, ससुराल पहुंचने के बाद पति अविनाश दूबे, ससुर सुभाष दूबे, सास मालती दूबे, जेठानी श्वेता दूबे और जेठ आनंद दूबे ने उससे बुलेट गाड़ी और जमीन खरीदने के लिए पांच लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। सपना ने बताया कि उसके पिता ने बुलेट गाड़ी खरीदने के लिए पहले ही पैसे दे दिए थे, लेकिन ससुराल वालों ने कहा कि वे पैसे शादी में खर्च हो गए और बुलेट नहीं खरीदी जा सकी। इसके बाद दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार परेशान किया जाने लगा और मारपीट भी की गई। 19 मई 2024 को पति समेत पांचों ससुरालियों ने दहेज की मांग को लेकर उसे पीटा। इसके बाद, 13 अक्टूबर 2024 को भी इन सभी ने मिलकर सपना को मारापीटा, जिससे उसकी आंख के नीचे गंभीर चोट आई और काफी खून बहा। इस घटना के बाद डायल 112 पर पुलिस को बुलाया गया, जिन्होंने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराकर सपना को वापस ससुराल भेज दिया था। सपना ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने घर के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। वे झाड़ू-पोछा करते समय बिना दुपट्टे की उसकी निजी तस्वीरें अपने रिश्तेदारों को बदनाम करने की नीयत से भेजते थे। बाद में, ससुराल के सभी लोग गांव चले गए और पति ने उसे रोहिणी सेक्टर 24 में एक किराए के मकान में अकेला छोड़ दिया। पति अविनाश दूबे अधिकतर समय अपने माता-पिता के साथ अपने घर में रहते थे और कभी-कभार ही सपना के पास आते थे। जब वे आते थे, तो सुबह निकल जाते और रात में वापस आते थे। जाते समय वे दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद कर देते थे, जिससे सपना को पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाना पड़ता था। सपना ने अपनी शिकायत में यह भी बताया है कि 16 फरवरी 2025 को उसके पति ने उसे गर्म कुकर से जला दिया था। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एसओ ज्ञानेश दुबे ने बताया तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है।


https://ift.tt/kp1UdS8

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *