कानपुर देहात में प्रदेश सरकार की एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) पुखरायां विद्युत वितरण खंड के उपभोक्ताओं के लिए लाभदायक सिद्ध हो रही है। इस योजना से वर्षों से लंबित बिजली बिलों के बोझ तले दबे हजारों परिवारों को राहत मिली है, वहीं विभाग के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पुखरायां डिवीजन में अब तक कुल 25,353 उपभोक्ताओं ने ओटीएस के तहत पंजीकरण कराया है। इनमें से 11,640 उपभोक्ताओं ने 31 जनवरी 2026 तक एकमुश्त भुगतान किया, जबकि 229 उपभोक्ताओं ने किस्तों में बिल जमा किया। इस तरह कुल 11,969 उपभोक्ता योजना का सीधा लाभ उठा चुके हैं, जो पंजीकृत उपभोक्ताओं का 47.21 प्रतिशत है। इन उपभोक्ताओं से विभाग को अब तक 7 करोड़ 63 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। साथ ही, इन्हीं उपभोक्ताओं को 5 करोड़ 71 लाख रुपये की बिल माफी का लाभ भी मिला है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, यह योजना 1 दिसंबर 2025 से लागू हुई थी और इसका दूसरा चरण वर्तमान में अंतिम दौर में है, जो 5 फरवरी 2026 को समाप्त होगा। अंतिम दिनों में काउंटरों पर उपभोक्ताओं की भीड़ देखी जा रही है। इसके बाद योजना का तीसरा चरण भी शुरू होगा। ओटीएस योजना ने बिजली चोरी से संबंधित मामलों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पुखरायां डिवीजन में बिजली चोरी से संबंधित कुल 2,127 उपभोक्ता चिह्नित किए गए थे। इनमें से 692 उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ उठाया, जो कुल चिह्नित उपभोक्ताओं का 32.50 प्रतिशत है। इन उपभोक्ताओं से विभाग को लगभग 84 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि 21 करोड़ रुपये सम्मन शुल्क के रूप में वसूले गए। 692 में से 391 उपभोक्ताओं ने पूरा भुगतान कर अपने मामले समाप्त करा लिए, जिससे उन्हें लगभग 56 करोड़ रुपये की राहत मिली। बिजली वितरण खंड पुखरायां के टीजी-2 विक्रम रजक बताया, ओटीएस योजना को लेकर गांवों से लेकर कस्बों तक सकारात्मक माहौल है। विभाग द्वारा लगातार कैंप लगाकर, मुनादी कराकर और उपभोक्ताओं को व्यक्तिगत सूचना देकर जागरूक किया जा रहा है। यह योजना उपभोक्ताओं के लिए सुनहरा अवसर है। जो लोग वर्षों से बिल जमा नहीं कर पा रहे थे, वे अब बेहद कम राशि देकर कर्जमुक्त हो रहे हैं। दूसरे चरण की अंतिम तिथि से पहले अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठाएं।
https://ift.tt/8uKqMCR
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply