DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

GST डिप्टी कमिश्नर दो हफ्ते की छुट्टी पर:भाई और व्यापारी के आरोपों के बीच मीडिया से बनाई दूरी

जीएसटी डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार सिंह इन दिनों लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। राज्य कर भवन में मंगलवार को भी वह कार्यालय नहीं पहुंचे। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि प्रशांत कुमार सिंह दो सप्ताह के अवकाश पर चले गए हैं और अब छुट्टी पूरी होने के बाद ही अपने पद का कार्यभार संभालेंगे। खास बात यह है कि जिस मीडिया के जरिए उन्होंने इस्तीफे को लेकर भावुक बयान देकर सुर्खियां बटोरी थीं, अब उसी मीडिया से वह पूरी तरह दूरी बनाए हुए हैं। शनिवार को इस्तीफा वापस लेने की घोषणा के बाद सोमवार को डिप्टी कमिश्नर कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन जैसे ही मीडिया वहां पहुंची, वे बिना कोई प्रतिक्रिया दिए कार्यालय छोड़कर निकल गए। कर्मचारियों के मुताबिक, इसके बाद वे अंबेडकरनगर में जीएसटी सर्वे के लिए रवाना हुए और फिर लखनऊ चले गए। सोमवार के बाद से वह कार्यालय नहीं लौटे हैं। गौरतलब है कि 27 जनवरी को प्रशांत कुमार सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। प्रयागराज माघ मेले के दौरान शंकराचार्य की टिप्पणी से आहत होकर उन्होंने योगी सरकार के समर्थन में सार्वजनिक बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ एक शब्द भी नहीं सुन सकते और किसी को ठेला-गाड़ी या पालकी पर बैठकर मुख्यमंत्री के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री को अन्नदाता बताते हुए अपना इस्तीफा सौंपा था।
हालांकि, कुछ ही दिनों बाद उन्होंने यू-टर्न लेते हुए शनिवार को इस्तीफा वापस लेने की घोषणा कर दी। इसके बाद मामला तब और गरमा गया, जब उनके सगे भाई और अयोध्या के एक कपड़ा कारोबारी ने उन पर गंभीर आरोप लगाए। सोमवार को जब मीडिया इन आरोपों पर उनका पक्ष जानने पहुंची, तो उन्होंने चुप्पी साध ली और जवाब देने से बचते नजर आए। मंगलवार को भी डिप्टी कमिश्नर के कार्यालय न पहुंचने से विभाग में चर्चाओं का दौर जारी रहा। उच्चाधिकारियों का कहना है कि प्रशांत कुमार सिंह ने दो सप्ताह का अवकाश लिया है और अवकाश समाप्त होने के बाद वह दोबारा कार्यभार संभालेंगे। फिलहाल, उनकी चुप्पी और छुट्टी को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।


https://ift.tt/XzYdqta

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *