DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

इटावा में मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप:मुस्लिम मतदाताओं के वोट काटने की सपा नेताओं ने की शिकायत

इटावा में समाजवादी पार्टी ने मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है। पार्टी का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी से जुड़े लोग पीडीए वर्ग और खासकर मुस्लिम मतदाताओं के वोट कटवाने के लिए गलत तरीके से फॉर्म 7 भरकर बीएलओ को दे रहे हैं। इससे बड़ी संख्या में मतदाताओं को बेवजह परेशान किया जा रहा है और उनका वोट काटने की कोशिश की जा रही है। डीएम से मिला सपा का प्रतिनिधिमंडल समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष प्रदीप शाक्य की अगुवाई में जिलाधिकारी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने पूरे मामले को लेकर एक लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में कहा गया कि मुस्लिम मतदाताओं के वोट कटवाने के उद्देश्य से जानबूझकर गलत जानकारी देकर फॉर्म भरे जा रहे हैं। पार्टी ने मांग की कि इस तरह के फर्जी और गलत फॉर्म भरने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। बिना कारण वोट नहीं कटेगा, डीएम का भरोसा जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि को तुरंत रोका जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना किसी ठोस और वैध कारण के किसी भी मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई होगी। अनपढ़ मतदाता का अंग्रेजी में भरा फॉर्म दिखाया जिला अध्यक्ष प्रदीप शाक्य ने एक फॉर्म दिखाते हुए गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि एक मुस्लिम मतदाता का फॉर्म अंग्रेजी भाषा में भरा हुआ मिला है, जबकि वह मतदाता पढ़ा लिखा नहीं है और हिंदी में भी फॉर्म भरने में सक्षम नहीं है। सपा नेताओं का कहना है कि यह साफ तौर पर साजिश को दिखाता है। मतदान अधिकार छीने जाने का आरोप इस मामले पर सपा से जिले के मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रभारी उदयभान सिंह यादव ने कहा कि इस तरह से लोगों के वोट काटकर उनसे मतदान का अधिकार छीना जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह लोकतंत्र के खिलाफ है और समाजवादी पार्टी इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। ज्ञापन देते सपा वरिष्ठ नेता उदयभान सिंह यादव, विधायक प्रतिनिधि ध्रुव यादव चीनी, उपाध्यक्ष आशीष राजपूत, अनवर हुसैन, चच्चू शुक्ला, सदस्य जिला पंचायत पंकज यादव पिंटू, सपा प्रवक्ता विक्की गुप्ता, विधानसभा अध्यक्ष उमेश राजपूत डुल्ले, शहर अध्यक्ष अब्दुल अंसारी, प्रवीन कुशवाह, प्रदीप सोनी, राजेश यादव टिल्लू, संदीप यादव लालू,अंकुर यादव आदि।


https://ift.tt/ZF9M4Yw

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *