महराजगंज में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत विदेश में जन्मी भारतीय नागरिकों, विशेषकर नेपाल से विवाह कर आई महिलाओं को बड़ी राहत मिली है। अब वे भी मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकेंगी। जिला प्रशासन ने भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देशों का पालन करते हुए यह नई व्यवस्था लागू की है। जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पहले भारत के बाहर जन्मे नागरिकों के लिए जन्म स्थान दर्ज करने की व्यवस्था नहीं थी। इस कारण वे फॉर्म-6 या फॉर्म-6ए के माध्यम से नए मतदाता के रूप में आवेदन नहीं कर पाते थे। अब इस समस्या का समाधान करते हुए ऑफलाइन आवेदन की सुविधा प्रदान की गई है। नई व्यवस्था के तहत, ईआरओ नेट और बीएलओ ऐप के डेटा एंट्री मॉड्यूल में जन्म स्थान के रूप में ‘आउट साइड इंडिया’ का विकल्प जोड़ा गया है। इसके साथ ही संबंधित देश का नाम दर्ज करने के लिए एक टेक्स्ट बॉक्स भी उपलब्ध कराया गया है। पात्र आवेदक फॉर्म-6 या फॉर्म-6ए भौतिक रूप से भरकर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या बूथ लेवल अधिकारी के पास जमा कर सकेंगे। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे विधानसभा क्षेत्रों में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करें और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। इसका उद्देश्य यह है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। इस पहल से विशेष रूप से नेपाल से विवाह कर जिले में आई महिलाओं को काफी लाभ मिलेगा।
https://ift.tt/vqRYbHW
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply