बाराबंकी में मंगलवार सुबह राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) और एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) की संयुक्त टीमों ने बड़ी कार्रवाई की। बदोसराय थाना क्षेत्र के खोर एत्महादपुर गांव में एक व्यक्ति को आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े संभावित कनेक्शन की जांच के तहत हिरासत में लिया गया है। टीमों ने गांव निवासी राम लखन के घर पर भी तलाशी अभियान चलाया। जानकारी के अनुसार, राम लखन को सफेदाबाद स्थित हिंद अस्पताल से हिरासत में लिया गया था। बताया गया कि उसकी मां का वहीं ऑपरेशन हुआ था और वह अस्पताल में भर्ती थीं। केंद्रीय एजेंसियों की टीम ने अस्पताल पहुंचकर राम लखन से पूछताछ की, जिसके बाद उसे हिरासत में लिया गया। हिरासत में लेने के बाद, सुबह करीब आठ बजे तीन वाहनों से पहुंची केंद्रीय एजेंसियों की टीमों ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर राम लखन के घर पर छापा मारा। आधुनिक मशीनों की मदद से सघन तलाशी ली गई। हालांकि, तलाशी के दौरान कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद होने की बात सामने नहीं आई है। इस कार्रवाई से पूरे गांव में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। इस मामले को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क है। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि संबंधित स्थान पर रेड की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई का ठोस कारण और राम लखन की भूमिका अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है। स्थानीय स्तर पर भी जांच कराई जा रही है और केंद्रीय एजेंसियों को पूरा सहयोग दिया जा रहा है। फिलहाल, इस पूरे मामले में जांच जारी है। एजेंसियां हर पहलू को खंगाल रही हैं और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही आगे की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
https://ift.tt/6Ow4jHh
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply