करहल थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है। ग्राम गड़िया खजुरारा निवासी एक विवाहिता ने अपने पति और ससुरालियों पर अतिरिक्त दहेज की मांग, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता सुखदेवी ने बताया कि उसकी शादी 24 जुलाई 2021 को हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के समय उसकी मां ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था। हालांकि, पति और ससुरालजन इससे संतुष्ट नहीं थे। शादी के लगभग एक वर्ष बाद पति ने मायके से 50 हजार रुपये नकद और मृत पिता की भूमि में हिस्सेदारी की मांग शुरू कर दी। विवाहिता का आरोप है कि उसने आर्थिक मजबूरी के कारण दहेज देने में असमर्थता जताई। इसके बावजूद पति ने गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न शुरू कर दिया। आरोप है कि पति उसे अक्सर जान से मारने की धमकी देता था। इस उत्पीड़न में सास-ससुर भी उसका साथ देते थे। इस दौरान पीड़िता ने एक बेटी को जन्म दिया, जिसकी उम्र करीब दो वर्ष है। परिवार को बचाने के लिए पीड़िता की मां और भाई ने कई बार रिश्तेदारों और अन्य लोगों के माध्यम से समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन ससुराल पक्ष अपनी दहेज की मांग पर अड़ा रहा। पीड़िता के अनुसार, 7 जून 2025 को शाम करीब तीन बजे पति और ससुरालियों ने एक बार फिर मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए उसे घर से निकाल दिया। तब से वह अपनी मां के घर रह रही है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि उसे और उसकी बेटी को न्याय मिल सके।
https://ift.tt/w4mfRPa
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply