DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

गोमती नदी में बना घना झाग:बाराबंकी के नींदनपुर मवैया में देखने पहुंचे लोग, तस्वीरें और वीडियो बना रहे

बाराबंकी जनपद के सतरिख थाना क्षेत्र स्थित नींदनपुर मवैया गांव में गोमती नदी इन दिनों लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। नदी में बन रहे घने सफेद झाग को देखने के लिए दूर-दराज से लोग यहां पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह स्थान एक पुराना कुंड है, जिसमें वर्तमान में गोमती नदी का पानी आ रहा है। इस अनोखे नजारे को देखने के लिए बच्चे, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में नींदनपुर मवैया पहुंच रहे हैं। लोग अपने परिवार के साथ यहां आकर तस्वीरें और वीडियो बना रहे हैं। खासकर छुट्टी के दिनों में यहां लोगों की भीड़ बढ़ जाती है। आसपास के गांवों के अलावा बाराबंकी के विभिन्न क्षेत्रों से भी लोग इस झाग वाले दृश्य को देखने आ रहे हैं। स्थानीय निवासी मनोज कुमार ने बताया कि लखनऊ की ओर से गोमती नदी में आ रहे पानी में शैंपू और अन्य गंदगी मिली हो सकती है। उनका अनुमान है कि यही पानी जब पत्थरों और कुंड के किनारों से टकराता है, तो झाग बन रहा है। हालांकि, यह केवल लोगों का अनुमान है और प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से झाग बनने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
फिलहाल, झाग से भरी गोमती नदी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। कुछ जागरूक नागरिक इस बात को लेकर चिंता जता रहे हैं कि यदि यह झाग प्रदूषण के कारण बन रहा है, तो इससे नदी और पर्यावरण को नुकसान हो सकता है। लोगों ने संबंधित विभाग से इस मामले की जांच कर वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग की है, ताकि गोमती नदी को प्रदूषण से बचाया जा सके।


https://ift.tt/9EmqHzj

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *