बिजनौर की चांदपुर वन रेंज के रहटा बिल्लोच गांव में रविवार शाम हड़कंप मच गया। रामगंगा पोषक नहर के पुल पर एक गुलदार बैठा दिखाई दिया। वहां से गुजर रहे एक कार सवार ने इसका वीडियो बना लिया। गांव के पूर्व प्रधान हाजी इन्शाद अली ने बताया कि गुलदार पिछले कई दिनों से इसी पुल और उसके आसपास देखा जा रहा है। पुल से कुछ ही दूरी पर गांव की घनी आबादी है, जिससे ग्रामीणों में लगातार भय बना हुआ है। शाम होते ही लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, गुलदार की मौजूदगी से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं में विशेष डर है। उन्होंने वन विभाग से जल्द से जल्द पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके। ग्रामीणों ने बताया कि छह जनवरी की शाम को पास के एक गांव में इसी गुलदार ने एक व्यक्ति पर हमला किया था। इसके अलावा, रहटा बिल्लोच के जंगल क्षेत्र में पशुओं के लिए पत्तियां लेने गए 55 वर्षीय रफीक पुत्र नन्नू पर भी गुलदार ने हमला किया था। गुलदार ने रफीक के पैर को अपने जबड़े में दबोच लिया था, लेकिन उनकी बेटी केसर ने बहादुरी दिखाते हुए गुलदार के मुंह पर वार कर अपने पिता को उसकी पकड़ से छुड़ा लिया। इन घटनाओं के बाद गांववासियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वन विभाग को गुलदार की लगातार मौजूदगी की जानकारी दी थी। उन्होंने वन अधिकारियों से गांव में पिंजरा लगाने की मांग भी की थी, लेकिन घटना के लगभग एक माह बाद भी वन विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। वन विभाग की इस कथित उदासीनता को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते गुलदार को नहीं पकड़ा गया, तो किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
https://ift.tt/bLsr1y6
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply