सीतापुर में कोहरे का कहर लगातार जारी है। सोमवार दोपहर को कुछ देर के लिए निकली हल्की धूप के बाद देर रात से फिर घना कोहरा छा गया, जिसका असर मंगलवार की सुबह भी साफ तौर पर देखने को मिला। घने कोहरे की चादर ने पूरे जिले को अपनी गिरफ्त में ले लिया है, जिससे सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो गई है। कई इलाकों में विजिबिलिटी घटकर मात्र 20 मीटर तक सिमट गई, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी हवाओं ने ठिठुरन को और बढ़ा दिया है। ठंड और कोहरे के इस दोहरे असर से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। सुबह-सुबह स्कूल जाने वाले बच्चे और दफ्तर पहुंचने वाले कर्मचारी ठंड की चपेट में नजर आए। कई स्थानों पर लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते दिखाई दिए।
घने कोहरे का असर यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा है। सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए, वहीं कई जगहों पर वाहन चालकों को हेडलाइट और फॉग लाइट का सहारा लेना पड़ा। कोहरे के चलते रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। कई ट्रेनों के देरी से चलने की सूचना है, जिससे यात्रियों को खासा इंतजार करना पड़ा। इसके साथ ही वायु गुणवत्ता में भी गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को जिले का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बढ़कर 348 दर्ज किया गया, जो कि बेहद खराब श्रेणी में आता है। खराब वायु गुणवत्ता और ठंड के चलते बुजुर्गों, बच्चों और सांस के रोगियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कोहरे और ठंड के बने रहने की संभावना जताई है। प्रशासन की ओर से वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और जरूरत न होने पर अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।
https://ift.tt/tPMaOBo
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply