DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

संभल में राशन डीलर की हत्या, आरोपी फरार:पुलिस ने 22 पर केस दर्ज किया, गांव में तनाव, फोर्स तैनात

संभल में प्रधानी चुनाव की रंजिश में चार दिन पहले एक राशन डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने 12 नामजद सहित 22 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है, लेकिन घटना के चार दिन बाद भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। यह घटना जनपद संभल की तहसील गुन्नौर के थाना बबराला क्षेत्र के गांव पहलवाड़ा में शुक्रवार रात को हुई। चुनावी रंजिश को लेकर हुए पथराव और फायरिंग में ग्राम प्रधान मीरा देवी की 62 वर्षीय सास प्रेमवती, जो एक राशन डीलर थीं, की सीने में गोली लगने से मौत हो गई। घटना में प्रधान पद के प्रत्याशी सुभाष के पक्ष से देवेश नामक व्यक्ति भी घायल हुआ, जिसके कान को गोली छूकर निकल गई। मृतक प्रेमवती के बेटे पवन की पत्नी मीरा देवी पहलवाड़ा गांव की दो बार से ग्राम प्रधान हैं, जिससे चुनावी रंजिश का मामला सामने आया है। थाना बबराला पुलिस ने मृतक के बेटे पवन की शिकायत पर नीतीश कुमार, सुभाष, मनीष, वीरेश, रामबाबू, वीरपाल, बलराम, लाखी, गिरीश, राजवीर सत्यपाल और नीरज सहित 12 नामजद तथा 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी सौरभ त्यागी ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतक राशन डीलर का पक्ष समाजवादी पार्टी से जुड़ा है, जबकि आरोपी पक्ष भारतीय जनता पार्टी खेमे का है। गुन्नौर के सपा विधायक रामखिलाड़ी यादव ने जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचकर घायल लोगों का हालचाल जाना और सत्ताधारी नेताओं पर लाठी-डंडों व सरकार के बल पर प्रधान बनाने का आरोप लगाया। इस मामले में भाजपा की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।


https://ift.tt/7IMZAqG

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *