DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

सिद्धार्थनगर में मतदाता सूची सत्यापन के दौरान बीएलओ से मारपीट:शिक्षक संगठनों के धरने के बाद प्रधान समेत 6 लोगों पर केस दर्ज

सिद्धार्थनगर के चिल्हिया थाना क्षेत्र में मतदाता सूची के सत्यापन कार्य में लगे एक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्राम प्रधान और उनके साथियों ने बीएलओ को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। घटना 1 जनवरी की शाम की है। पीड़ित ने तत्काल 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी, लेकिन थाना चिल्हिया में करीब 12 घंटे तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। पुलिस की इस निष्क्रियता के विरोध में बीएलओ, शिक्षामित्र और शिक्षक संगठनों ने संयुक्त रूप से धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और ग्राम प्रधान समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। घायल बीएलओ मेडिकल कॉलेज में भर्ती पीड़ित बीएलओ की पहचान विजय कुमार पुत्र रामचंद्र यादव के रूप में हुई है। वह चिल्हिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सीतारामपुर टोला बनकटवा दक्षिणी के निवासी हैं। विजय कुमार गौरा बाजार स्थित बूथ संख्या 45 पर बीएलओ के पद पर तैनात हैं और मक्कनपुर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के रूप में कार्यरत हैं। घटना के समय वह विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत ग्राम पंचायत गौरा अलीदापुर में मतदाता सूची के सत्यापन और संशोधन कार्य में लगे थे। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हालत बिगड़ने पर उन्हें पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उनका इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है। तहरीर देने के बाद भी नहीं लिखा गया मुकदमा पीड़ित के पिता रामचंद्र यादव ने बताया कि बेटे के अस्पताल में भर्ती होने के बाद उन्होंने स्वयं थाना चिल्हिया पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दी थी, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किया। इससे क्षेत्र के कर्मचारियों में भारी नाराजगी फैल गई। धरने के बाद प्रशासन हुआ सक्रिय पुलिस की कार्यप्रणाली के विरोध में 2 जनवरी को बीएलओ, शिक्षामित्र और शिक्षक संगठनों ने तहसील शोहरतगढ़ परिसर में संयुक्त धरना प्रदर्शन किया। धरने में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने हिस्सा लिया और तत्काल मुकदमा दर्ज करने की मांग की। धरने की सूचना मिलने पर उप जिलाधिकारी विवेकानंद मिश्र ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने जिला मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर पहुंचकर घायल बीएलओ से मुलाकात की और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली। इसके बाद एसडीएम ने चिल्हिया पुलिस को तत्काल प्रभाव से मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। ग्राम प्रधान समेत छह के खिलाफ केस एसडीएम के निर्देश के बाद चिल्हिया पुलिस ने ग्राम प्रधान पंकज चौबे निवासी अलीदापुर परैया, संजय चौबे, वेद प्रकाश, शैलेंद्र यादव सहित दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। इस घटना ने चुनावी कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा और पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


https://ift.tt/tW54Gsi

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *