सहारनपुर में संत रविदास जयंती के अवसर पर निकाली गई शोभा यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद एक दर्दनाक हादसा हो गया। सढोली क्षेत्र के गांव शेरपुर पेलो में डीजे वाहन से उतरते समय एक डीजे ऑपरेटर नीचे गिर गया। इसी दौरान वाहन का पिछला टायर युवक के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और माहौल गमगीन हो गया। मामला थाना मिर्जापुर क्षेत्र का है। थाना नकुड़ के गांव भूरी बांस के रहने वाला गुलाब सिंह (19) शोभायात्रा में डीजे वाहन पर ऑपरेटर के रूप में काम कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोभा यात्रा के समापन के बाद डीजे वाहन गांव शेरपुर पेलो में खड़ा था। इसी दौरान गुलाब सिंह वाहन से नीचे उतर रहा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। दुर्भाग्यवश उसी समय वाहन आगे बढ़ गया और उसका टायर युवक के ऊपर चढ़ गया। हादसे के समय पुलिस बल पहले से ही मौके पर मौजूद था, क्योंकि शोभा यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। घटना होते ही पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभाला और भीड़ को नियंत्रित किया। घायल युवक को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना में शामिल डीजे वाहन को भी अपने कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे, जिनका रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों और परिचितों ने परिवार को ढांढस बंधाया। क्षेत्र में इस हादसे के बाद शोक की लहर दौड़ गई है। संत रविदास जयंती का उत्सव मातम में बदल गया।
https://ift.tt/UJyGVF3
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply