बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने ससुर और उसके साथियों पर दुष्कर्म, धमकी देने और मानसिक व शारीरिक शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य को शिकायत पत्र सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। महिला का कहना है कि उसका ससुर बारादरी थाने का नामजद हिस्ट्रीशीटर है। आरोप है कि उसने अपनी आपराधिक पृष्ठभूमि छिपाकर परिवार को धोखे में रखकर उसकी शादी कराई। विवाह के बाद से ही उस पर दबाव बनाया जाने लगा और उसे लगातार धमकाया व प्रताड़ित किया गया। पीड़िता के अनुसार, जब उसने अत्याचार का विरोध किया तो ससुराल पक्ष ने डराकर जबरन उससे कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए। महिला का आरोप है कि उसे मानसिक रूप से तोड़ने के लिए उसके खिलाफ झूठे मुकदमे भी दर्ज कराए गए। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद उसके भाई का अपहरण कर धमकाया गया और दबाव बनाकर समझौता कराया गया। इसके बाद कोतवाली और बारादरी थानों में एक के बाद एक कथित रूप से झूठी एफआईआर दर्ज कर पूरे परिवार को परेशान किया जा रहा है। शिकायत में महिला ने यह दावा भी किया है कि उसके ससुर पर अवैध हथियार रखने, फर्जी लाइसेंस बनवाने, जमीन हड़पने और संगठित अपराधियों से संबंध रखने जैसे आरोप हैं। महिला का कहना है कि उसे अपने पति से मिलने नहीं दिया जा रहा और उसकी जान को खतरा है। पीड़िता ने मांग की है कि मामले की जांच किसी अन्य थाने या स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए। साथ ही दबाव में कराए गए हस्ताक्षरों की जांच, कथित झूठे मुकदमों को समाप्त करने और उसे व उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की अपील की है। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/IzBejAD
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply