कुशीनगर में मतदाता सूची को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कई कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तवर को एक ज्ञापन सौंपा है। इसमें आरोप लगाया गया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत तैयार किए गए ड्राफ्ट मतदाता रोल में शामिल कई मतदाताओं के नाम कथित तौर पर फर्जी तरीके से कटवाए जा रहे हैं। सपा ने प्रशासन से इस मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि खास तौर पर मुस्लिम और यादव समुदाय के मतदाताओं के नाम फॉर्म-7 का दुरुपयोग कर मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। यह भी आरोप है कि इस प्रक्रिया में कुछ स्थानों पर बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) पर दबाव बनाकर हस्ताक्षर कराए गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, विधानसभा खड्डा क्षेत्र के पिपरा वर सिवान स्थित बूथ संख्या 359 और 360 पर इस तरह की गतिविधियां सामने आई हैं। इसी प्रकार की शिकायतें जनपद की अन्य विधानसभा क्षेत्रों से भी प्राप्त हो रही हैं। मतदाता सूची से नाम कटने की आशंका के चलते मतदाताओं में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों को आशंका है कि इससे उनके मतदान अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। मामले को लेकर जिलाधिकारी कुशीनगर को सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही, दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और फर्जी तरीके से नाम काटे जाने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए।
https://ift.tt/7XhVCwy
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply