DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

गाजियाबाद में कृषि भूमि सर्किल रेट न बढ़ने पर प्रदर्शन:किसानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को सौंपा ज्ञापन

गाजियाबाद में कृषि भूमि के सर्किल रेट न बढ़ाए जाने के विरोध में किसानों ने प्रदर्शन किया। सोमवार को हरनंदिपुरम किसान संघर्ष समिति के बैनर तले बड़ी संख्या में किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिला प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। इस दौरान किसानों ने जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारी किसानों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने इसे भेदभावपूर्ण बताया और चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो वे आगे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। किसानों के अनुसार, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) के कहने पर हरनंदिपुरम आवासीय योजना के कारण जिले की कृषि भूमि के सर्किल रेट बढ़ाने पर रोक लगाई गई है। किसानों का कहना है कि इस फैसले से कृषि भूमि की रजिस्ट्री प्रभावित हो रही है। उनके मुताबिक, कई क्षेत्रों में सर्किल रेट से अधिक दामों पर बैनामे हो चुके हैं, फिर भी सर्किल रेट में वृद्धि नहीं की जा रही है। किसानों ने दावा किया कि इससे सरकार को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है। युवा किसान नेता दक्ष नागर ने जानकारी दी कि प्रशासन को संबंधित दस्तावेज और बैनामों के साक्ष्य उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि सर्किल रेट नहीं बढ़ाए गए, तो किसानों को लगातार आर्थिक नुकसान होता रहेगा। नागर ने यह भी बताया कि यदि जल्द कोई निर्णय नहीं लिया गया, तो हरनंदिपुरम योजना से प्रभावित किसान और पाइपलाइन से जुड़े ग्रामीण भी आगे प्रदर्शन कर सकते हैं। प्रदर्शन में अजय चौधरी, जगपाल चौधरी, कृष्ण पाल चौधरी, इंद्रपाल चौधरी, एड इंदरपाल, एड विजय, के.के. त्यागी, वीर सिंह नागर, राजू चौधरी, राजेंद्र चौधरी, लोकेंद्र चौधरी, ओमपाल शर्मा, गौतम चौधरी, ओमवीर चौधरी सहित सैकड़ों किसान और युवा मौजूद थे।


https://ift.tt/8i53hwN

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *