DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

मथुरा में फर्जी फॉर्म-7 से नाम काटने का आरोप:समाजवादी पार्टी ने प्रशासन के खिलाफ किया प्रदर्शन

मथुरा में मतदाताओं के नाम फर्जी फॉर्म-7 के जरिए काटे जाने के आरोप में समाजवादी पार्टी के विभिन्न संगठनों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। समाजवादी युवजन सभा के पूर्व जिला अध्यक्ष व पार्षद मुन्ना मलिक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एडीएम एफआर पंकज कुमार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। मुन्ना मलिक ने आरोप लगाया कि बलदेव विधानसभा क्षेत्र के गांव ओल सहित कई इलाकों में सैकड़ों फॉर्म-7 बीएलओ को उपलब्ध कराए गए हैं। उनके अनुसार, एक ही व्यक्ति द्वारा विशेष जाति व धर्म के मतदाताओं के नाम सूची से हटवाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इसे ‘वोट डकैती’ करार देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के पूर्व जिला अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप ने बताया कि अज्ञात लोगों द्वारा फर्जी हस्ताक्षरों के माध्यम से थोक में फॉर्म भरे जा रहे हैं। उन्होंने ऐसे सभी फर्जी फॉर्म तत्काल निरस्त करने और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। समाजवादी लोहिया वाहिनी के पूर्व जिला अध्यक्ष पवन चौधरी ने कहा कि बिना भौतिक सत्यापन के मतदाता सूची से नाम काटना असंवैधानिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के दबाव में विपक्षी विचारधारा के मतदाताओं को निशाना बनाया जा रहा है, जिसे तुरंत रोका जाना चाहिए। यूथ ब्रिगेड के महानगर अध्यक्ष इमरान अब्बास ने बताया कि इस पूरे प्रकरण और संबंधित साक्ष्यों से पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को भी अवगत करा दिया गया है। पूर्व महानगर अध्यक्ष सतीश पटेल ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने न्याय नहीं दिया तो समाजवादी पार्टी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी। इस दौरान समाजवादी लोहिया वाहिनी के महानगर महासचिव रवि दिवाकर, पूर्व जिला महासचिव सैयद शाहिद अल्वी सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


https://ift.tt/uOXwJSo

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *