DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

मेरठ में कांग्रेस नेता 15 घंटे से हाउस अरेस्ट:बहसूमा में नाबालिग रेप पीड़िता के परिजनों से मिलने से रोका जा रहा

मेरठ के बहसूमा थानाक्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर सिखेड़ा में नाबालिग रेप पीड़िता के परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर दिया है। रविवार रात से ही मेरठ में कांग्रेस नेताओं के घर पुलिस का कड़ा पहरा है।
पुलिस ने कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष सहित तमाम नेताओं को रात से हाउस अरेस्ट किया हुआ है। बता दें कि आज सोमवार को कांग्रेस का 19 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल आज रेप पीड़िता के घर शोक जताने जाएगा। लेकिन कांग्रेसियों को पुलिस ने पहले ही मिलने से रोक दिया है। वहीं पीड़िता के घर से लेकर गांव के बाहर भारीफोर्स लगा दी गई है। गांव के सभी प्रवेश रास्तों पर बैरिकेडिंग कर गांव में एंट्री बंद कर दी गई है। वहां भारी पुलिस तैनात है।
बहसूमा में कश्यप समाज की बच्ची के साथ हुई अत्यंत गंभीर एवं शर्मनाक घटना की वास्तविक स्थिति जानने के लिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय जी द्वारा एक प्रतिनिधि मंडल का गठन किया गया था।
यह प्रतिनिधि मंडल आज बहसूमा जाने वाला था, लेकिन लोकतांत्रिक मूल्यों को ताक पर रखते हुए पुलिस प्रशासन ने कल रात से ही प्रतिनिधि मंडल में शामिल पूर्व ज़िला अध्यक्ष अवनीश काजला एवं शहर अध्यक्ष रंजन शर्मा के आवासों पर पुलिस बल तैनात कर उन्हें गृह नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया। पूर्व जिला अध्यक्ष अवनीश काजला ने कहा ये कार्रवाई न केवल असंवैधानिक है, बल्कि पीड़ित बच्ची और उसके परिवार को न्याय दिलाने की कोशिशों को दबाने का एक स्पष्ट प्रयास है। क्या अब उत्तर प्रदेश में जनप्रतिनिधियों को पीड़ितों से मिलने का भी अधिकार नहीं है।
प्रदेश की योगी सरकार अपराधियों को संरक्षण देने और सच्चाई को छिपाने के लिए पुलिस का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस पार्टी इस अलोकतांत्रिक कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करती है और स्पष्ट करती है कि पीड़िता को न्याय दिलाने की लड़ाई किसी भी दबाव में नहीं रुकेगी।
यदि पुलिस प्रशासन इसी तरह जनप्रतिनिधियों को रोकेगा, तो कांग्रेस पार्टी इसे जनता के अधिकारों पर सीधा हमला मानते हुए सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।


https://ift.tt/NRtf2Zi

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *