DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

मेरठ में सांड के अपहरण का प्रयास:नशे का इंजेक्शन देकर कार में डालते आरोपी CCTV में कैद

मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र के पॉश इलाके शास्त्रीनगर के के ब्लॉक में सोमवार तड़के एक आवारा सांड को बेहोश कर कार में ले जाने की कोशिश की गई। यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। यह घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। क्षेत्र के लोगों के अनुसार, दिल्ली नंबर की एक सेंट्रो कार से उतरे लगभग आधा दर्जन बदमाशों ने इलाके में घूम रहे सांड को नशीला इंजेक्शन लगाकर काबू करने का प्रयास किया। जब सांड पूरी तरह काबू में नहीं आया, तो आरोपियों ने उसे अपने साथ लाए डंडों से पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान सड़क से एक अन्य कार गुजरने लगी और आसपास हलचल बढ़ गई। स्थानीय लोगों की आहट महसूस होते ही आरोपी घबराकर मौके से फरार हो गए। मोहल्ले के लोगों ने तुरंत पुलिस को इस घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही मेडिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ली है। फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई देने की बात कही जा रही है, जिसके आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह एक सुनियोजित प्रयास प्रतीत होता है। आरोपियों की पहचान की जा रही है और इसमें शामिल लोगों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किस मकसद से इलाके में आए थे और क्या उनका कोई बड़ा नेटवर्क है। इस घटना के बाद से कॉलोनी के लोगों में दहशत और आक्रोश है। स्थानीय निवासियों ने रात और सुबह के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


https://ift.tt/KC695MU

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *