उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव के अंतिम चरण के तहत प्रयागराज में मतदान अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। तीन दिनों में कुल 15,982 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं, जबकि आज चौथे और अंतिम दिन भी मतदान लगातार जारी है। सुबह से ही बार काउंसिल परिसर के बाहर मतदाताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। अधिवक्ताओं की लंबी कतारें लगी रहीं और प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ मतदाताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान की अपील करते नजर आए। इस बार यूपी बार काउंसिल चुनाव में नया इतिहास रचा जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर पहली बार प्रयागराज में करीब 33 हजार अधिवक्ताओं को चार दिनों में मतदान का अवसर दिया गया है। मतदाताओं की अधिक संख्या को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था लागू की गई है। इससे पहले प्रदेश के तीन चरणों में लगभग 2 लाख 16 हजार वकील अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। अब अंतिम चरण में प्रयागराज के शेष मतदाता अपने वोट डालकर चुनावी प्रक्रिया को पूरा करेंगे। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। बार काउंसिल परिसर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। डीसीपी सिटी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों का डायवर्जन किया गया है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। मतदान स्थल को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। हाई पावर कमेटी के निर्देशों के तहत मतदान की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से कराई जा रही है, जिससे अव्यवस्था की स्थिति न बने। अब तक मतदान शांतिपूर्ण रहा है और अधिवक्ता अनुशासित तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। बार काउंसिल परिसर के बाहर चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म नजर आ रहा है। समर्थकों की नारेबाजी, प्रत्याशियों की सक्रियता और मतदाताओं की भीड़ से माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा हुआ है।
https://ift.tt/jgwrIdf
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply