देवरिया जनपद के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के भगवानपुर चौबे गांव में जमीन विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित रामऔतार ने पड़ोसियों पर घर में घुसकर हमला करने और परिवार के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। इस घटना का एक वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। रामऔतार के अनुसार, उनके पड़ोसी छोटे लाल पुत्र भागीरथी कई दिनों से जमीन को लेकर विवाद कर रहे थे। आरोप है कि पड़ोसियों ने उनके हिस्से की जमीन पर जाने वाले रास्ते को भी अवरुद्ध कर दिया था। जब रामऔतार ने इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। पहले 2 तस्वीरें देखिए… रविवार सुबह करीब 7 बजे, छोटे लाल सहित एक दर्जन लोग लाठी-डंडा, रॉड और धारदार हथियार लेकर रामऔतार के घर में घुस आए। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। रामऔतार ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनकी बेटी का दुपट्टे से गला कसकर जान से मारने की कोशिश की और अभद्रता की। इसके बाद उनकी पत्नी और बेटी को बाल पकड़कर घर से बाहर घसीटते हुए पीटा गया। जब रामऔतार और उनके बेटे हरेंद्र बचाने पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में रामऔतार का पैर दोबारा टूट गया। घटना के दौरान किसी ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची, तब जाकर उनकी जान बच सकी। रामऔतार ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी लगातार धमकी दे रहे हैं और जमीन पर जाने का रास्ता अभी भी बंद है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में रामपुर कारखाना के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की शिकायत मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/lk5fixy
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply