संभल में माघ माह की 24 कोसीय मासिक परिक्रमा रविवार को संपन्न हुई। बारिश और कड़ाके की ठंड के बावजूद हजारों श्रद्धालुओं ने इस परिक्रमा में भाग लिया। कीचड़ भरे रास्तों से गुजरते हुए श्रद्धालुओं ने 87 देवतीर्थों के दर्शन किए। यह परिक्रमा जनपद संभल के थाना हयातनगर क्षेत्र के गांव वैनीपुर चक स्थित श्रीवंशगोपाल तीर्थ से सुबह 6 बजे शुरू हुई। पूज्य रामचंद्र गिरी महाराज, महंत शिव मंदिर भवानीपुर के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने पौराणिक कदंब वृक्ष और तीर्थ की परिक्रमा की। इसके बाद “जय कल्कि भगवान” और “हर हर महादेव” के जयघोष करते हुए वे भुवनेश्वर तीर्थ पहुंचे, जहां पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया गया। श्रद्धालु नैमिषारण्य तीर्थ भी गए, जहां बालयोगी दीनानाथ तीर्थ की परिक्रमा और आरती की गई। नैमिषारण्य से लौटकर जत्था भवानीपुर मंदिर पहुंचा। यहां से श्री रामचंद्र गिरी जी महाराज के नेतृत्व में 100 से अधिक ट्रैक्टर और चौपहिया वाहनों के साथ हजारों श्रद्धालुओं ने औपचारिक रूप से 24 कोसीय परिक्रमा आरंभ की। यह यात्रा चंद्रेश्वर मंदिर, वंशगोपाल तीर्थ, भुवनेश्वर मंदिर और क्षेमनाथ धाम जैसे प्रमुख देवतीर्थों से होकर गुजरी। अंततः यह परिक्रमा पुनः भवानीपुर मंदिर पर शाम 4 बजे समाप्त हुई। कच्चे परिक्रमा मार्ग में हुई वर्षा के कारण जलभराव और गहरी कीचड़ हो गई थी। इससे कई मोटरसाइकिल और चौपहिया वाहन रास्ते में फंस गए। पुलिस प्रशासन और समिति सदस्यों ने ट्रैक्टरों की सहायता से इन वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे यात्रा सुचारु रूप से जारी रह सकी। इस परिक्रमा में जसपाल सिंह, मुकेश शर्मा, सौरभ गुप्ता, अंकित अग्रवाल, अमित शुक्ला, राहुल शर्मा, जबर सिंह, राजू टेंट, आदेश कुमार, अमित शर्मा, गुड्डू पाल, सतवीर सिंह, अमित चौधरी, राज कुमार शर्मा, नीतू माथुर, सरिता गुप्ता और रागिनी भटनागर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित हुए। देखें फोटो…
https://ift.tt/7SxjpvX
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply