ललितपुर में अमृत योजना के तहत पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की गुणवत्ताहीन मरम्मत को लेकर रविवार को बुंदेलखंड विकास सेना ने कंपनी बाग में धरना प्रदर्शन किया। संगठन ने सड़कों की खराब स्थिति और नागरिकों को हो रही परेशानियों पर चिंता व्यक्त की। धरना प्रदर्शन के दौरान संगठन प्रमुख हरीश कपूर टीटू ने कहा कि ठेकेदारों की मनमानी के कारण शहर की कंक्रीट सड़कों को जेसीबी मशीनों से बेदर्दी से खोदा गया, जबकि इसके लिए कटर का उपयोग किया जाना चाहिए था। कटर के प्रयोग से केवल आवश्यक जगह पर कट लगाकर पाइपलाइन बिछाई जा सकती थी, जिससे बाकी सड़क क्षतिग्रस्त होने से बच जाती। टीटू ने बताया कि मामूली बारिश में कीचड़ के कारण वाहन फिसलने से कई लोग घायल हो रहे हैं। कई नागरिकों की पेयजल पाइपलाइनें जेसीबी मशीनों से टूट गईं, जिससे उन्हें पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद कीचड़ सूखने पर उड़ने वाली धूल से लोगों का जीना दूभर हो रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। रखरखाव का पैसा जमा किया इसके अतिरिक्त, सड़कें संकरी होने से आवागमन में भी दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि किसी भी सड़क को खोदने से पहले उसके रखरखाव का पैसा जमा किया जाता है, लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी क्षतिग्रस्त सड़कों को ठीक नहीं किया गया। जहां कहीं मरम्मत की भी गई, वहां गुणवत्ताहीन कार्य किया गया, जिसे उन्होंने ‘लीपापोती’ करार दिया। उन्होंने कहा कि पूरे ललितपुर शहर की सड़कों की स्थिति बेहद दयनीय हो चुकी है। हरीश कपूर टीटू ने चेतावनी दी कि यदि इन सड़कों को समय रहते ठीक नहीं किया गया, तो बुंदेलखंड विकास सेना उग्र प्रदर्शन करेगी। इस धरना प्रदर्शन में राजकुमार कुशवाहा, कदीर खान, परवेज पठान, कमल विश्वकर्मा, राम प्रकाश झा, जगदीश झा, नंदराम कुशवाहा, गफूर खां, लालचंद, सुरेश कुमार झा, कामता प्रसाद, विनोद साहू, पुष्पेंद्र शर्मा, टिंकू सोनी, विक्की सोनी और संतोष सोनी सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
https://ift.tt/CGJF6b9
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply