कानपुर देहात में केंद्र सरकार का वर्ष 2026 का आम बजट पेश होने के बाद जनपद मुख्यालय माती स्थित भाजपा कार्यालय में उत्साह का माहौल देखा गया। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बजट का सीधा प्रसारण सुना और इसे ‘नए भारत की संकल्पना को साकार करने वाला ऐतिहासिक बजट’ बताया। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने बजट को ‘देश की आशा और आकांक्षाओं का प्रतीक’ बताया। उन्होंने कहा कि इसमें विकसित भारत का स्पष्ट रोडमैप दिखाई देता है। आयुष और स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूती, महिलाओं के लिए हर जनपद में छात्रावास निर्माण, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर और विभिन्न क्षेत्रों में सुधार इसकी प्रमुख उपलब्धियां हैं। प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि नए रेलवे कॉरिडोर की घोषणा विकास के मार्ग में मील का पत्थर साबित होगी, जिससे भारतीय अर्थव्यवस्था को तेज गति मिलेगी। कार्यक्रम संयोजक डॉ. सतीश शुक्ला ने बजट को आम जनता के हित में ‘क्रांतिकारी’ बताते हुए कहा कि लेदर, कपड़ा, सिंथेटिक फुटवियर, विदेशी यात्रा, कैंसर की 17 दवाएँ, माइक्रोवेव ओवन, ईवी बैटरी, शुगर की दवाएँ और बायोगैस मिक्स्ड सीएनजी सहित अनेक वस्तुएं सस्ती होंगी। सोलर ग्लास, विमान ईंधन और मिक्स्ड गैस सीएनजी पर भी राहत दी गई है। डॉ. प्रतिभा शुक्ला ने इस बात पर भी जोर दिया कि अमेरिका द्वारा 50 प्रतिशत टैरिफ के दबाव के बावजूद सरकार ने कोई नया कर न लगाकर साहसिक निर्णय लिया है। व्यापारी नेता एवं जिला उपाध्यक्ष रामजी मिश्रा ने टैक्स संबंधी मामूली त्रुटि पर व्यापारियों के लिए जेल का प्रावधान समाप्त करने को ‘ऐतिहासिक कदम’ बताया। उन्होंने कहा कि इससे व्यापार जगत में भरोसा बढ़ेगा और कारोबारी निर्भीक होकर काम कर सकेंगे। ये रहे मौजूद इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौहान, वंश लाल कटियार, मदन पांडे, राजेश सचान, श्याम सिंह सिसोदिया, बबलू शुक्ला, मलखान सिंह चौहान, कल्पना सक्सेना, बृजेंद्र सिंह, फूल सिंह कठेरिया, सौरभ मिश्रा, केपी सिंह, शिवविलास मिश्रा, विकास मिश्रा सहित जिला मीडिया प्रभारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा नेताओं ने एक स्वर में कहा कि यह बजट गरीब, किसान, महिला, युवा और व्यापारी सहित सभी वर्गों के सपनों को उड़ान देने वाला है, जो भारत को विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
https://ift.tt/7OoY4hp
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply