माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर उन्नाव के गंगा तटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रविवार को तड़के सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग गंगा स्नान के लिए घाटों पर पहुंचने लगे और शाही स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस दौरान ‘हर-हर गंगे’ और ‘जय मां गंगा’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। शुक्लागंज, बक्सर, चंदनघाट और जाजमऊ सहित विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब देखा गया। स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने गंगा माता की पूजा-अर्चना की और दान-पुण्य किया। कई लोगों ने दीपदान कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। माघ पूर्णिमा के चलते दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उन्नाव पहुंचे थे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर गंगा घाटों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। प्रमुख घाटों पर पुलिस बल, पीएसी, गोताखोर और जल पुलिस की तैनाती की गई।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम को सक्रिय रखा गया। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की गई थी और स्नान के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए थे। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया था। स्वास्थ्य विभाग की ओर से घाटों पर एंबुलेंस और मेडिकल टीमों को तैनात किया गया, ताकि किसी भी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल सहायता दी जा सके। प्रशासन ने साफ-सफाई और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया। नगर पालिका और ग्रामीण क्षेत्रों की सफाई टीमों ने लगातार घाटों और आसपास के इलाकों में सफाई अभियान चलाया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित तरीके से स्नान करें।
https://ift.tt/bEWIVQi
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply