DniNews.Live

साढ़ में ई-रिक्शा की टक्कर से युवक की मौत:सड़क किनारे खड़े अवध कुमार को लगी चोट, इलाज के दौरान निधन

साढ़ थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 41 वर्षीय युवक की मौत हो गई। रायपुर गांव निवासी अवध कुमार को एक ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी थी, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी जान चली गई। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना देर शाम करीब 7 बजे हुई। अवध कुमार अपने गांव रायपुर से पतारा के बीच स्थित अपने ट्यूबवेल के पास सड़क किनारे खड़े थे। वह एक ठेलिया पर बच्चों के लिए भेलपुरी बनवा रहे थे, तभी पतारा की ओर से आ रहे एक ई-रिक्शा ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अवध कुमार के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद ई-रिक्शा चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन वहां मौजूद ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने उसे पकड़ लिया। चालक की पहचान रायपुर निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवध कुमार को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भीतरगांव पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के भाई मनोज कुमार और पुत्र कृष्ण स्वरूप द्विवेदी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी चालक दीपक कुमार को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *